Sagar-रेशु चौधरी के विधायक और एक केंद्रीय मंत्री से भी करीबी संबंध विधानसभा चुनाव लड़ने होर्डिंग्स लगा चुकी
एमपी के इंदौर के चर्चित हनीट्रैप-2 मामले में अब बड़े राजनीतिक कनेक्शन सामने आने लगे हैं। पुलिस ने सागर निवासी रेशु उर्फ अभिलाषा और इंदौर पुलिस की इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों को रेशु के कई प्रभावशाली नेताओं, एक केंद्रीय मंत्री और सागर के विधायक से करीबी संबंधों के इनपुट मिले हैं। मामले ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
जानकारी के मुताबिक, शराब कारोबारी चिंटू ठाकुर को धमकाने और हनीट्रैप नेटवर्क चलाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 25 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी के अधिकारियों ने भी इंदौर पुलिस से पूरे केस की जानकारी ली है।
जांच में सामने आया है कि रेशु उर्फ अभिलाषा पहले भाजपा अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा की नगर अध्यक्ष रह चुकी है। वह मूल रूप से सागर के मकरोनिया क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई के लिए ओमान गई थी, जहां उसकी शादी हुई, लेकिन बाद में तलाक हो गया। भारत लौटने के बाद उसने राजनीति में सक्रियता बढ़ाई और यूपीएससी कोचिंग सेंटर भी शुरू किया। सूत्रों के अनुसार, रेशु का नेटवर्क सागर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ था। वह सोशल मीडिया पर खुद को यूपीएससी और एमपीपीएससी क्वालिफाइड बताती थी। इतना ही नहीं, विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में उसने नरयावली सीट पर अपने बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी लगवाए थे। सागर के एक विधायक से उसकी नजदीकियों को लेकर भी काफी चर्चाएं रही थीं।
पुलिस को शक है कि इस पूरे नेटवर्क में कई नेता, अफसर और कारोबारी जुड़े हो सकते हैं। इससे पहले भी इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें कथित मास्टरमाइंड श्वेता जैन का नाम भी शामिल है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल इंदौर हनीट्रैप-2 मामला अब सिर्फ ब्लैकमेलिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके तार राजनीति और सत्ता के गलियारों तक पहुंचते नजर आ रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और अगले खुलासों पर टिकी हुई है।