Sagar-बचपन से साथ रहे, मौत ने भी नहीं किया जुदा, कुएं में नहाने गए दो चचेरे भाइयों की मौत !
सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां कुएं में नहाने गए दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बचपन से हर पल साथ रहे… स्कूल, खेलकूद और जिंदगी के हर सफर में एक-दूसरे का साथ निभाया… लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि दोनों की जिंदगी का अंत भी एक साथ होगा। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दिल दहला देने वाली यह घटना खुरई देहात थाना क्षेत्र के बम्होरी नवाब गांव की है। जानकारी के मुताबिक अभिषेक आदिवासी और रुपसिंह आदिवासी गांव के पास स्थित एक कुएं में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए।
ग्रामीणों का अनुमान है कि पहले एक युवक पानी में डूबने लगा होगा और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों कुएं में समा गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर बरोदिया नौनागिर पुलिस चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अभिषेक कुछ समय पहले अपने माता-पिता के साथ भोपाल चला गया था, जहां उसके पिता मजदूरी करते थे। परिवार गांव में बड़े पिता के बेटे की शादी में शामिल होने आया था। लेकिन खुशियों के बीच यह हादसा पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूट पड़ा। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे को याद कर सन्न हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।