MP | 3 साल में 40 मौतों का दावा, फ्लाईओवर की मांग तेज ,मऊगंज का बरांव मोड़ बना मौत का चौराहा !
एमपी के मऊगंज जिले में NH-135 का बरांव मोड़ चौराहा अब हादसों का बड़ा केंद्र बन चुका है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। समाजसेवियों का दावा है कि पिछले तीन वर्षों में यहां करीब 40 लोगों की जान जा चुकी है। अब इस खतरनाक चौराहे को “ब्लैक स्पॉट” घोषित कर फ्लाईओवर बनाने की मांग तेज हो गई है। मऊगंज कलेक्ट्रेट के पास स्थित बरांव मोड़ चौराहा इन दिनों लोगों के लिए दहशत का कारण बना हुआ है। यहां आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर और अनियंत्रित ट्रैफिक के कारण हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से गुजरना मतलब जान जोखिम में डालना है।
समाजसेवी और इंजीनियर विनीत मिश्रा ने इस गंभीर मुद्दे को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उनका दावा है कि पिछले तीन सालों में इस चौराहे पर 30 से 40 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि छोटे-बड़े हादसे लगभग रोजाना हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह चौराहा कलेक्ट्रेट, प्रशासनिक कार्यालयों, हेलीपैड और कई ग्रामीण मार्गों को जोड़ता है। दिनभर यहां भारी ट्रैफिक बना रहता है। तेज रफ्तार ट्रक, बसें और कमर्शियल वाहन अचानक कटिंग लेते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। न पर्याप्त ट्रैफिक सिग्नल हैं, न सही स्ट्रीट लाइटिंग, न चेतावनी बोर्ड और न ही रिफ्लेक्टर की व्यवस्था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। समाजसेवी बेटा खान ने बताया कि वे खुद कई हादसों के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं और कई घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके हैं। अब लोगों की मांग है कि बरांव मोड़ पर जल्द से जल्द फ्लाईओवर बनाया जाए, ताकि लगातार हो रही मौतों पर रोक लग सके।