घास से उठी आग की चिंगारी का मजार और घर को किया खाक और फिर!
एमपी के शहडोल जिले में भीषण गर्मी के बीच एक छोटी सी चिंगारी ने ऐसा भयानक रूप ले लिया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नगर परिषद बकहो क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-3 में सड़क किनारे सूखी घास में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए आबादी तक पहुंच गई और देखते ही देखते एक मजार धू-धू कर जलने लगी। आग की भयावह लपटों ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि शुरुआत में आग सड़क किनारे सूखी झाड़ियों और घास में लगी थी। तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने पास स्थित मजार को अपनी चपेट में ले लिया। मजार से उठती ऊंची लपटें इतनी तेज थीं कि पास बने एक घर तक पहुंच गईं। आग की वजह से घर के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा, जबकि बाड़ी में लगे पेड़-पौधे, लकड़ियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों ने बाल्टियों, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि शुरुआती कोशिशें नाकाम साबित हुईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन मौके पर काफी देर से पहुंचा। इस दौरान ग्रामीण घंटों तक आग से जूझते रहे। बाद में फायर ब्रिगेड टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
गौरतलब है कि शहडोल में इन दिनों तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। भीषण गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह हादसा प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए बड़ा अलर्ट माना जा रहा है कि गर्मी के मौसम में जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।