सागर- 0001 गैंग ने युवक को मारी कनपटी पर गो ली मार कर की हत्या!, शहर में सनसनी और फिर!
सागर शहर में गुरुवार रात गैंगवार का ऐसा खूनी खेल देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड में 0001 गैंग के सरगना बताए जा रहे यश सोनी उर्फ चूहा और उसके साथियों ने एक युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शहर में सनसनी फैल गई, जबकि गुस्साए परिजनों ने शव को थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक मयंक साहू पर आरोपियों ने घात लगाकर हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यश सोनी उर्फ चूहा अपने करीब पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद के दौरान बेहद करीब से देशी कट्टे से मयंक की कनपटी पर गोली दाग दी। गोली सिर को चीरते हुए पार निकल गई, जिससे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान जब मयंक का भाई बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी चाकुओं से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना के बाद 0001 गैंग का नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैंग के सदस्य लंबे समय से इलाके में दहशत फैला रहे थे और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर खौफ कायम कर रहे थे। हत्या से गुस्साए परिजन शव लेकर मोतीनगर थाना पहुंचे और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।