पहले मकान में खुद रखवाई अवैध शराब, फिर छापेमारी कर दर्ज की FIR...
एमपी के छतरपुर में सिटी कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक CCTV फुटेज ने पुलिस की कथित कार्रवाई को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप है कि पुलिस ने एक युवक के खिलाफ फर्जी शराब जब्ती का मामला दर्ज किया और अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक 18 मई को अरविंद मिश्रा नाम के युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने दावा किया था कि युवक के किराए के कमरे से 6 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है। लेकिन अब सामने आए कथित CCTV फुटेज ने पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि अरविंद मिश्रा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह किराए के कमरे में रहकर सामान्य जीवन जी रहा था। वायरल फुटेज के अनुसार युवक शाम करीब 4 बजकर 50 मिनट पर अपने कमरे से बाहर निकल गया था। इसके बाद शाम 5 बजकर 53 मिनट पर करीब 6 पुलिसकर्मी उसके कमरे पर पहुंचे, जहां कमरा बंद मिला। सबसे बड़ा आरोप यह है कि शाम करीब 6 बजकर 33 मिनट पर एक हेड कांस्टेबल ने शराब कंपनी से जुड़े युवक को मौके पर बुलाया और कथित तौर पर शराब की पेटियां मकान की छत पर रखवाईं। वीडियो में अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं। बाद में रात करीब 8 बजे पुलिस वाहन बुलाकर शराब जब्ती की कार्रवाई दिखाई गई और उसी आधार पर युवक पर एफआईआर दर्ज कर दी गई।
मामले में यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि मकान मालिक को डराया-धमकाया गया और उससे करीब एक लाख रुपये की वसूली की गई। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वायरल वीडियो के बाद पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर CCTV फुटेज सही है, तो आखिर सच्चाई क्या है? अब सबकी नजर एसपी रजत सकलेचा की जांच पर टिकी हुई है।