सागर-गो ली कांड में बड़ा खुलासा! 2 और आरोपी गिरफ्तार, गैं ग का मुख्य आरोपी यश अब भी फरार
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। युवक मयंक साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। अब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक महिला समेत कुल पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी यश अब भी फरार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक यह वारदात 21 मई की रात करीब साढ़े दस बजे गौंड बब्बा चबूतरा इलाके में हुई थी। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू से विवाद शुरू किया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और एक आरोपी ने अवैध हथियार से फायर कर दिया। गोली लगने से मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वारदात के दौरान मृतक के भाई ओम साहू पर भी चाकू से हमला किया गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और परिजनों ने पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाया था। मामले में पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। शनिवार को लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने तुत्तू उर्फ शैलेंद्र रैकवार और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से थाने में पूछताछ जारी है।
इससे पहले पुलिस ने आर्यन आठिया, एक अन्य नाबालिग और 60 वर्षीय महिला को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में कुल 6 आरोपी शामिल हैं, जिनमें से 5 को पकड़ लिया गया है। हालांकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी यश अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की कई टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।