पार्षद सड़क पर रेंगते हुए पहुंचे और पुलिस के पैर पकड़ लिए, पानी से मचा है हाहाकार !
लोग पहले ही प्रचंड गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। भीषण गर्मी से जन जीवन पर ख़ासा असर पड़ रहा है। वहीं अब पानी के संकट से भी लोगों को दो दो हाथ करने पड़ रहे हैं। हालात इस कदर हो गए हैं की लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। जलसंकट गहराने से अब लोगों के सब्र बाँध टूट गया। लोग सड़कों पर उतर आये और प्रदर्शन करने लगे। तस्वीरें इंदौर से सामने आई हैं। बताया गया की कई इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इसी दौरान एक अजीब नज़ारा भी देखने को मिला। जब वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद सड़क पर रेंगने लगे और पुलिस के पैर पकड़ लिए साथ ही पानी दिलाये जाने की गुहार लगाई। साथ ही कहा की क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है जल्द ही व्यवस्था नहीं की गई तो आम जनता का जीवन संकट में पड़ जाएगा।
बताया गया की शहर के मालवा मिल, पालदा समेत कई क्षेत्रों में रहवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। साथ ही नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नियमित जलापूर्ति की मांग की। लोगों का कहना है कि कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा। जिन बोरवेलों के सहारे वह किसी तरह काम चला रहे थे। वे भी भीषण गर्मी के कारण सूखने लगे हैं। रहवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। जबकि हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। पानी की तलाश में भटकना पड़ रहा है। जो टैंकरों से पानी सप्लाई होता है वह भी नाकाफी होता है।
नगर निगम की माने तो नर्मदा परियोजना के माध्यम से शहर की जल टंकियों तक नियमित पानी पहुंचाया जा रहा है। जिन इलाकों में तकनीकी कारणों से सप्लाई प्रभावित हुई है वहां टैंकरों से पानी पहुँचाया जा रहा है। जबकि लोगों का आरोप है की कई क्षेत्रों में टैंकर समय पर नहीं पहुंच रहे। नगर निगम पर अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए गए। साथ ही कहा की स्मार्ट सिटी और विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। लेकिन नागरिकों को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही है।-