पानी को लेकर हाहाकार ! 15 वार्डों में गहराया जल संकट, आंदोलन की चेतावनी
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बक्सवाहा नगर में पानी का संकट अब विकराल रूप ले चुका है। भीषण गर्मी के बीच नगर परिषद के 15 वार्डों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालत ऐसे हैं कि लोगों को रोजाना पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगर में नल-जल योजना के तहत भदभदा बांध से पानी सप्लाई किया जाता था, लेकिन अब यह व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा और इलाके के हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। ऐसे में लोगों को सिर पर बर्तन रखकर दूर-दराज इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है।
सुबह होते ही मोहल्लों में पानी के लिए भागदौड़ शुरू हो जाती है। कई परिवारों का पूरा दिन सिर्फ पानी जुटाने में ही गुजर रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें तेज गर्मी में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें रोज संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मीडिया के सामने आए और नगर परिषद तथा प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी जल व्यवस्था नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय दुबे सहित कई स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। बक्सवाहा में बढ़ते जल संकट ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझ रहे लोग अब जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। फिलहाल पूरे नगर में पानी को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ है और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।