Sagar- 20 लाख रुपये के कर्ज ने ली जान! व्यक्ति की मौत, डायरी में लिखे दोस्तों के नाम SAGAR TV NEWS
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और उधार दिए गए पैसों की चिंता में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मृतक ने मरने से पहले एक डायरी में उन लोगों के नाम और हिसाब लिख छोड़ा, जिन्हें उसने लाखों रुपये उधार दिए थे। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक धर्मश्री इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय कपिल तिवारी ने शनिवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया था। अगले दिन जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रविवार रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे आदर्श तिवारी ने बताया कि उनके पिता ने अपने परिचितों और दोस्तों को करीब 20 लाख रुपये उधार दे रखे थे। इसी बीच कुछ समय पहले कपिल के भाई का एक्सीडेंट हो गया, जिनका भोपाल में इलाज चल रहा था। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी, लेकिन जिन लोगों को रुपये दिए गए थे, वे पैसा वापस नहीं कर रहे थे।
परिवार के मुताबिक कपिल लगातार लोगों से अपने पैसे वापस मांग रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। आर्थिक दबाव और भाई के इलाज की चिंता ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया और आखिरकार उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक ने एक डायरी में उधार लेने वाले सभी लोगों के नाम और रकम का पूरा हिसाब लिखा था। पुलिस ने डायरी जब्त कर ली है और अब उसमें दर्ज नामों के आधार पर पूछताछ की जाएगी।
मोतीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और परिवार गहरे सदमे में है।