सागर- फ्लाई ऐश प्रदूषण से गांव के लोग परेशान, यहां-वहां जमा हो रही राख,बीमारियों का बढ़ा खतरा !
सागर जिले के बीना क्षेत्र में लोग थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाले फ्लाई ऐश प्रदुषण से खासे परेशान हैं। बताया जा रहा है की बड़ी मात्रा में उड़ने वाली राख से कई सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां कई तरह की बीमारियों का ख़तरा बना हुआ है वहीं दूसरी तरफ खेतों में भी राख जमा होने से फसलों की चिंता सता रही है। बीना के हिन्नौद, जौध और आसपास के गांवों में फ्लाई ऐश प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब आंदोलन में बदल चुका है। तीन दिन से ग्रामीण जेपी थर्मल पावर प्लांट के खिलाफ तहसील परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं। आरोप है की अभी तक उनसे मिलने कोई नहीं आया।
ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के एस प्वाइंट पर फ्लाई ऐश इकट्ठा की जा रही है। साथ ही पास में ही मौजूद तालाब में राख डंप की जा रही है। जिससे हवा चलने पर राख पूरे गांव में फैल जाती है। बच्चों और बुजुर्गों को आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश की शिकायतें बढ़ रही हैं। चरम रोगों का ख़तरा बना हुआ है। इसके अलावा बताया गया की घरों में खाने तक में राख जम रही है। खेती और पशुधन भी प्रभावित हो रहा है। खेतों में राख की परत जमने से फसल उत्पादन घटने की आशंका है। पशुपालकों ने प्रदूषित पानी से मवेशियों के बीमार होने का आरोप लगाया। ट्रैक्टर और दोपहिया वाहन चलाते समय उड़ती राख आंखों में चुभती है। इसी को लेकर धरना शुरू किया गया है। ग्रामीण प्रतिपाल सिंह ने कहा की जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा धरना ख़त्म नहीं किया जाएगा।---