कुआं धंसने से 5 मजदूर दबे, 3 शव निकले, परिजनों का आरोप 3 घंटे तक नहीं पहुंचा प्रशासन
एमपी के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक तीन मजदूरों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि दो अन्य को निकालने का प्रयास जारी है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि तीन घंटे तक प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा और ग्रामीण खुद रेस्क्यू करते रहे। जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह बीहरपुरवा के नयापुरवा गांव में हुआ। यहां बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब दस दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे, तभी अचानक कुएं की गीली और कमजोर मिट्टी भरभराकर गिर गई। हादसे में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल समेत पांच मजदूर मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने बिना प्रशासन की मदद के निजी जेसीबी मंगाकर राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। वहीं दो मजदूरों की तलाश जारी है।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद तक कोई सरकारी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि अगर समय पर राहत कार्य शुरू होता तो कुछ जानें बचाई जा सकती थीं। मृतकों के परिजनों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुआं पहले से ही खतरनाक स्थिति में था और कोई मजदूर वहां काम करने को तैयार नहीं था। आरोप है कि मजदूरों को 350 की जगह 500 रुपए दिहाड़ी का लालच देकर काम कराया गया। हादसे के बाद सरपंच के मौके से फरार होने की भी बात कही जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने मुख्यमंत्री से न्याय और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।