सागर कलेक्टोरेट में युवक ने रामायण ज लाई, खुद पर पे ट्रोल डाल ने की कोशिश
सागर कलेक्टोरेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने परिसर में रामचरित मानस को आग लगा दी और फिर खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान जैसीनगर थाना क्षेत्र के घोघरी गांव निवासी 37 वर्षीय बहादुर चढ़ार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथ पेट्रोल की बोतल और पटाखे लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने अचानक परिसर में रामचरित मानस रखकर उसमें आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। पूछताछ में युवक ने दावा किया कि वर्ष 2015 में उसके साथ एक व्यक्ति ने अमानवीय व्यवहार किया था। युवक का आरोप है कि उसने इस मामले की शिकायत कई बार पुलिस और एसपी कार्यालय में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना के दौरान धार्मिक ग्रंथ जलाए जाने से वहां मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। कई लोगों ने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोपालगंज थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक द्वारा लगाए गए पुराने आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।