मोबाइल चोरी कर लक्षद्वीप भाग जाता था शातिर चोर! पुलिस ने ऐसे दबोचा मास्टरमाइंड
एमपी के इंदौर में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी की वारदातों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है, जो चोरी करने के बाद खुद को बचाने के लिए “लक्षद्वीप भागने” की बात करता था। इसी वजह से इलाके में उसका नाम ही “लक्षद्वीप” पड़ गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल और एक बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। दरअसल, अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाके और सार्वजनिक स्थानों पर लोग मोबाइल चोरी की शिकायत कर रहे थे। पुलिस काफी समय से उस शातिर चोर की तलाश में जुटी थी, जो हर वारदात के बाद गायब हो जाता था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध युवक इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पवन उर्फ “लक्षद्वीप” को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल चोरी करता था और बाद में उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 चोरी के मोबाइल फोन और एक बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हर चोरी के बाद अपने साथियों से कहता था कि “अब मैं लक्षद्वीप चला जाऊंगा, पुलिस मुझे पकड़ नहीं पाएगी।” इसी वजह से इलाके में लोग उसे “लक्षद्वीप” नाम से पहचानने लगे थे। हालांकि इस बार आरोपी की चालाकी काम नहीं आई और अन्नपूर्णा पुलिस ने उसे लक्षद्वीप पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।