लू का कहर! 6 साल के बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां, 10 मिनट में तोड़ा दम
एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। भीषण गर्मी और लू ने एक ही परिवार की खुशियां कुछ ही मिनटों में छीन लीं। यहां 6 साल के मासूम हसनैन की लू लगने से मौत हो गई, और बेटे की मौत का सदमा उसकी मां रजिया खातून सहन नहीं कर पाईं। बेटे के निधन की खबर सुनने के महज 10 मिनट बाद मां ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के हरपालपुर क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू का प्रकोप जारी है। इसी बीच 6 साल के हसनैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को तेज बुखार और बेचैनी होने लगी। परिजन घबराकर उसे एम्बुलेंस से इलाज के लिए छतरपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मासूम की सांसें थम गईं।
परिवार के लोग अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि घर में एक और दर्दनाक हादसा हो गया। जैसे ही मां रजिया खातून को बेटे की मौत की जानकारी मिली, वह बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि बेटे को खोने का गम वह सहन नहीं कर पाईं और कुछ ही मिनटों बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन करीब 10 मिनट बाद उनकी भी मौत हो गई। एक साथ मां और बेटे की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मोहल्ले और इलाके में शोक की लहर है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें भर आईं। लोग इसे गर्मी और लू के खतरनाक असर का सबसे दर्दनाक उदाहरण बता रहे हैं। इधर डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि भीषण गर्मी में खास सावधानी बरतें। बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप में बाहर न निकलने दें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और लू के लक्षण दिखते ही तुरंत इलाज कराएं।