Sagar- पानी के विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत, एक अस्पताल में, 4 पर FIR
सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के दलपतपुर में पानी भरने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में एक युवक का मर्डर कर दिया गया, जबकि एक अस्पताल में जिंदगी से संघर्ष कर रहा है, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान 20 वर्षीय अर्जुन सिंह लोधी निवासी दलपतपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल साहिल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात दलपतपुर गांव में पानी भरने की बात को लेकर अर्जुन सिंह लोधी का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में अर्जुन को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का पंचनामा बनाकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बंडा थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया ने बताया कि पानी भरने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हुई है। फरियादी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।