बाजार में सक्रिय महिला चोर गैंग गिरफ्तार! मंगलसूत्र चोरी करते रंगे हाथों पकड़ी गईं आरोपी
एमपी के धार जिले के धरमपुरी से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां साप्ताहिक हाट बाजार में सक्रिय महिला चोर गैंग को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी करने की कोशिश कर रही तीन महिलाओं को मौके पर ही दबोच लिया गया। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक धरमपुरी निवासी पुष्पा मेहतो साप्ताहिक हाट बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। वह सब्जी मार्केट में हरी मिर्च खरीद रही थीं, तभी कुछ महिलाएं उनके आसपास आकर खड़ी हो गईं। इसी दौरान आरोपी महिलाओं ने बड़ी सफाई से उनके गले से सोने का मंगलसूत्र काट लिया।
लेकिन आरोपी महिलाएं ज्यादा देर तक अपनी चालाकी नहीं छिपा सकीं। पुष्पा मेहतो और आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद सतर्कता दिखाते हुए तीनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तुरंत धरमपुरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिला आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने फरियादी महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुषमा सकटे, लक्ष्मी उर्फ रेशमा और सगुना उर्फ तुलसा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी इंदौर के न्यू भीमनगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यह गैंग पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुकी है। धरमपुरी थाना प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।