44 करोड़ की जमीन पर खू नी संग्राम! फायरिंग, मा र पी ट और कु च लने की कोशिश का VIDEO
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल में 44 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर ऐसा खूनी संघर्ष हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले, फायरिंग हुई और गाड़ी से कुचलने की कोशिश तक की गई। अब इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस के मुताबिक यह विवाद करतार सिंह गुरुदत्ता की निजी जमीन को लेकर हुआ। उन्होंने इस जमीन को ‘चंद्रमौली प्रॉपर्टी फर्म’ के साथ साझेदारी में विकसित करने का समझौता किया था। बीते 8 मई को जमीन का सीमांकन किया गया था, लेकिन रामसिंह और बाबूलाल अहिरवार परिवार ने इस पर आपत्ति जताई थी। हालांकि तहसीलदार कोर्ट ने उनकी आपत्ति खारिज कर दी थी।
सोमवार को चंद्रमौली प्रॉपर्टी फर्म के मजदूर और निजी सुरक्षा गार्ड जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अहिरवार परिवार और गार्डों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए और निजी गार्डों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से अहिरवार परिवार के दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि वायरल वीडियो में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने नजर आए। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भारत सिंह सूर्यवंशी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि गोली चलाने वाले चार निजी सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से कारतूस और खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।