Sagar- पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने बढ़ाई चिंता! महंगाई की नई मार झेलने को तैयार जनता
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों द्वारा पिछले 11 दिनों में कई बार कीमतें बढ़ाए जाने के बाद अब इसका असर सीधे जनता की जेब पर दिखाई देने लगा है। पेट्रोल पंपों पर लोग बढ़ते दामों को लेकर नाराज नजर आ रहे हैं। हाल ही में पेट्रोल की कीमत में 2 रुपए 61 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 2 रुपए 71 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मध्यप्रदेश में दाम करीब 3 रुपए तक बढ़ गए हैं। नए रेट लागू होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में डीजल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि पेट्रोल 116 रुपए या उससे अधिक बिक रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एमपी के सागर जिले के बीना में इस महीने 15 मई से शुरू हुई बढ़ोतरी अब चौथी बार हो चुकी है। इन चारों बढ़ोतरी में पेट्रोल और डीजल करीब 8 रुपए प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। बीना में फिलहाल पेट्रोल लगभग 114 रुपए 55 पैसे और डीजल करीब 99 रुपए 63 पैसे प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ रहे दामों का असर अब बाजार पर भी पड़ने लगा है। ट्रक और टेंपो का किराया बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे होने की आशंका बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मालभाड़ा बढ़ सकता है, जिससे रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतें भी बढ़ जाएंगी।
वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और कीटनाशक मशीन चलाने में डीजल का खर्च बढ़ने से खेती की लागत में इजाफा होगा। इसका असर आने वाले समय में अनाज और कृषि उत्पादों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में आम जनता पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ती नजर आ रही है।