Sagar- जंगल में मृत मिला तेंदुआ ! वन्य जीव अभ्यारण में मचा हड़कंप और फिर जांच में जुटा वन विभाग
सागर जिले के शाहगढ़ वनपरिक्षेत्र से वन्यजीवों को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। शाहगढ़ वनपरिक्षेत्र अंतर्गत बरायठा के जंगल में स्थित नवीन घोषित डॉ. भीमराव अंबेडकर वन्य जीव अभ्यारण में एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब एक बजे जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं ने जंगल के अंदर एक तेंदुए को मृत हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसके सिर में गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद महिलाओं ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। वन विभाग ने पशु चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने तेंदुए के शव का प्राथमिक परीक्षण किया। वनपरिक्षेत्र अधिकारी सर्वेश सोनी ने बताया कि तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सिर में गंभीर चोट होने के चलते कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
वन विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पशु चिकित्सकों की निगरानी में तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद जंगल में ही वन विभाग द्वारा मृत तेंदुए का अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर संरक्षित वन्य जीव अभ्यारण में तेंदुए की मौत कैसे हुई? क्या यह किसी आपसी संघर्ष का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।