फर्जी लोन, ट्रक चोरी और हत्या के प्रयास के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस का बड़ा खुलासा! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के दमोह जिले की हटा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने पत्रकार वार्ता कर ट्रक चोरी, बैंक से फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन लेने और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों का खुलासा किया। पहला मामला बैंक धोखाधड़ी से जुड़ा है। टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि ग्राम रसुईया निवासी गणेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कृषि भूमि को फर्जी तरीके से बंधक बनाकर यूनियन बैंक हटा से 5 लाख 30 हजार रुपए का लोन लिया गया।
आरोपी ने खुद को गणेश यादव बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और बैंक से रकम निकाल ली। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि भूमि मालिक को इसकी जानकारी तक नहीं थी। पुलिस ने मामले में अमर सिंह लोधी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया था। अब आरोपी अमर सिंह लोधी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।
वहीं दूसरा मामला ट्रक चोरी और फर्जी दस्तावेजों से वाहन ट्रांसफर करने का है। फरियादी संतोष पटेरिया ने शिकायत की थी कि उनका 14 चक्का ट्रक, जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए थी, आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम करा लिया और ट्रक गायब कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मोनू उर्फ शहबाज खान निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया है। तीसरा मामला हत्या के प्रयास का है। जनवरी 2026 में मड़ियादो निवासी सजल अग्रवाल पर बस मालिक को जान से मारने की नीयत से हमला किया गया था। इस मामले में आरोपी अवधेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।