Sagar -ट्रैक्टर-बैलगाड़ी पर निकाला विरोध मार्च, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल !
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में ट्रैक्टर, पंजा मशीन और बैलगाड़ी पर सवार होकर शहर में विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर जनता की परेशानी उठाई। एमपी के सागर जिले के बीना में जिला ग्रामीण कांग्रेस संगठन मंत्री पी पी नायक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सर्वोदय चौराहा पर एकत्रित हुए। यहां से महंगाई विरोधी जुलूस की शुरुआत की गई। ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और खेती में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के साथ निकले इस जुलूस ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
जुलूस सर्वोदय चौराहा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ अंबेडकर तिराहा स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता “महंगाई डायन खाए जात है” जैसे गाने गाकर सरकार पर निशाना साधते नजर आए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार अंबर पंथी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने और महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।