Sagar- बकरीद पर राहतगढ़ में अमन-चैन की दुआ, ईदगाह से लेकर शहरभर में दिखी हाई अलर्ट सुरक्षा
सागर जिले के राहतगढ़ में बकरीद का त्योहार पूरे अकीदत, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। नगर की ईदगाह, जामा मस्जिद और मरकश मस्जिद में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान धर्मगुरुओं ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। वहीं त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। गुरुवार सुबह से ही राहतगढ़ की मस्जिदों और ईदगाह में नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी।
तय समय पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ईदगाह सहित पूरे नगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस विभाग, राजस्व विभाग और नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए।
वहीं बकरीद से एक दिन पहले बुधवार को सागर पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया खुद राहतगढ़ पहुंचे और नगर के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने ईदगाह, पुराना थाना और झंडा चौक का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा के नेतृत्व में राहतगढ़ नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर के साथ पुलिस बल, क्यूआरएफ टीम और वज्र वाहन ने पूरे शहर में मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च पुलिस थाने से शुरू होकर बस स्टैंड, शनिचरा बाजार, पुराना थाना, बुधवारा, कांजी हाउस, झंडा चौक और संजय मार्केट होते हुए वापस थाना परिसर पहुंचा। राहतगढ़ में त्योहार के दौरान प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे नगर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।