सागर में पारा फिर 45°C पार, गर्म हवाओं ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, नौतपा के चौथे दिन का कहर
सागर में नौतपा के चौथे दिन एक बार फिर तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान ने भी इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जो 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, हवाओं में नमी भी लगभग खत्म-सी हो गई है, जिसकी वजह से सूखी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। सुबह 9:00 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं। 11:00 बजे से ही हीट वेव का अलर्ट जारी हो गया था। लेकिन अब मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिन में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, क्योंकि प्री-मानसून की एक्टिविटी शुरू होने जा रही है, जिसमें गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों के लिए अब प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बता दें कि सागर जिले में पिछले 11 दिनों से तापमान लगातार 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है, तो रात का न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री के आसपास जा रहा है। बुंदेलखंड में लाल पत्थर होने की वजह से यह सूरज की रोशनी को जल्दी ऑब्जर्व कर लेता है, लेकिन उसकी हीट को धीरे-धीरे छोड़ता है, जिसके चलते यह पथरीला इलाका ज्यादा तप रहा है। ऊपर से बिजली की कटौती लोगों को परेशान कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 1-1, 2-2 घंटे की अघोषित कटौती की जा रही है।