Sagar- हाईवे किनारे चादर में मिली महिला की लाश, हत्या कर फेंकने की आशंका
सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भोपाल हाईवे किनारे बेरखेड़ी के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की लाश चादर में लिपटी हुई थी और शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे किनारे एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत महिला की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। वह लाल साड़ी और ब्लाउज पहने हुई थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण फूल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक महिला के शरीर पर खून के निशान और कई जख्म दिखाई दिए हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल रेप जैसी किसी घटना से साफ इनकार किया है। थाना प्रभारी मुकेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
महिला के हाथों में चांदी जैसी धातु की चूड़ियां मिली हैं, जिससे लूटपाट की संभावना कम मानी जा रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी परिचित के साथ थी और उसे भरोसे में लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह महिला कौन है? उसकी हत्या कहां हुई? और शव को हाईवे किनारे क्यों फेंका गया? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। देर रात तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि सागर जिले में लगातार बढ़ती हत्या की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले 26 दिनों में हत्या की यह 9वीं वारदात बताई जा रही है, जिसने कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।