महिला सुबह पारिवारिक कहासुनी के बाद चढ़ी मोबाइल टावर पर ! और फिर 3 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा !
सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला गांव के ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह-सुबह टावर पर महिला को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला इमप्पी के गुना जिले के कुंभराज तहसील के ग्राम खेड़ा रामा का है। जानकारी के मुताबिक पारिवारिक अनबन से नाराज महिला सुबह करीब 5 बजे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों ने जब महिला को टावर के ऊपर देखा तो तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार कमल मंडेलिया, थाना प्रभारी पंकज त्यागी, पटवारी प्रवीण सिंह राणा सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया। महिला काफी आक्रोशित थी और नीचे आने को तैयार नहीं थी। ऐसे में प्रशासन ने जल्दबाजी या बल प्रयोग करने के बजाय बेहद संवेदनशील तरीका अपनाया। अधिकारियों ने लगातार महिला से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी हर समस्या सुनी जाएगी और कानून के दायरे में रहकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
करीब तीन घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार महिला का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आई। महिला के सुरक्षित नीचे आते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नीचे उतरने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कुंभराज की यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि संवेदनशीलता और संवाद से बड़ी से बड़ी मुश्किल को भी टाला जा सकता है। प्रशासन की सूझबूझ और धैर्य ने आज एक अनमोल जिंदगी बचा ली।