वन विभाग ने पकड़ी अवैध बोरिंग मशीन, मचा हड़कंप, माफिया राज पर बड़ा वार! | SAGAR TV NEWS |
अवैध गतिविधियों पर वन विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। जंगल के भीतर बिना अनुमति चल रही अवैध बोरिंग मशीन को पकड़कर विभाग ने साफ संदेश दे दिया है कि अब माफिया राज ज्यादा दिन नहीं चलने वाला। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, एमपी के छतरपुर जिले के बक्सवाहा क्षेत्र में वन परिक्षेत्र में लंबे समय से अवैध बोरिंग और नलकूप खनन की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई और बुधवार शाम गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
वन विभाग की टीम जब जगारा परिसर के कक्ष क्रमांक पी-62 बीट क्षेत्र में पहुंची, तो वहां जंगल के भीतर अवैध रूप से नलकूप खनन किया जा रहा था। मौके पर एक भारी बोरिंग मशीन काम करती मिली। टीम ने बिना देर किए मशीन को जब्त कर लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई बोरिंग मशीन का नंबर KA-01-NF-6464 है, जबकि इसके साथ मौजूद ट्रक क्रमांक KA-01-NF-6199 को भी कब्जे में लिया गया है। वन विभाग अब मशीन संचालकों और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।
फॉरेस्ट एसडीओ रामकुमार ने बताया कि मामले में भारतीय संरक्षित वन अधिनियम 1927 की धारा 33 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। विभाग का कहना है कि जंगल में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सूत्रों की मानें तो बक्सवाहा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बोरिंग और खनन का खेल चल रहा था, लेकिन अब वन विभाग की इस कार्रवाई ने माफियाओं की नींद उड़ा दी है। सवाल यही है कि क्या यह कार्रवाई अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगा पाएगी… या फिर जंगल में माफिया राज यूं ही चलता रहेगा?