भाजपा नेता के घर के बाथरूम से निकले 15 नाग के बच्चे, सपोलों का झुंड देख घबरा गए लोग | SAGAR TV NEWS
ज़रा सोचिये की आप घर की जिस बाथरूम का हर रोज इस्तेमाल करते हैं वहां अचानक सांपों का झुंड नज़र आये तो आप क्या करेंगे। खासकर तब जब आपको इस बारे में बिलकुल जानकारी ही न हो। कुछ ऐसा ही नज़ारा एमपी के रीवा जिले में देखने को मिला जहां भाजपा नेता के घर की बाथरूम में 15 नाग के बच्चों का झुंड मिला है। जिससे परिवार सकते में आ गया। अफरा-तफरी मचने के बाद सर्प मित्र ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। तब परिवार वालों ने राहत की सांस ली।
हैरान करने वाली ये घटना रीवा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 15 से सामने आई है। भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक पारसनाथ तिवारी के घर के बाथरूम से अचानक करीब 15 काले नाग के बच्चे यानी सपोले निकल आए। यह नज़ारा देख परिवार वालों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है की दोपहर के समय परिवार का एक सदस्य बाथरूम गया हुआ था। तभी उनकी नजर नाली के पास रेंग रहे एक छोटे सांप पर पड़ी। पहले तो यह सामान्य लग रहा था। लेकिन जब बाथरूम और नाली के आसपास ध्यान से देखा लोगों के होश उड़ गए।
क्योंकि कई और सपोले दिखाई दे रहे थे। नाली और पाइपलाइन के आसपास बड़ी संख्या में नाग के बच्चे नजर आने लगे। जिससे दहशत फैल गई। इस बात की सूचना तुरंत भाजपा नेता पारसनाथ तिवारी को दी गई। उन्होंने बिना देर किए सर्प मित्र गफ्फार खान को जानकारी दी। जहां गफ्फार खान मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। रेस्क्यू के दौरान उन्होंने बेहद सावधानी बरतते हुए बाथरूम, नाली और पाइपलाइन के आसपास छिपे हुए नाग के बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। इस तरह कुल 15 काले नाग के बच्चों को सुरक्षित पकड़ा गया। बाद में उन्हें जंगल में छोड़ दिया गया।
सर्प मित्र गफ्फार खान के मुताबिक बरसात और गर्मी के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और ठंडी जगहों की तलाश में घरों के आसपास बने नालों, पाइपलाइन और बंद स्थानों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा की अगर घर में किसी भी प्रकार का सांप दिखाई दे तो उसे मारने का प्रयास न करें। बल्कि तुरंत सर्प विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें।