एक साथ उजड़ गए कई परिवार,बीमार हो रहे लोग,भूख-प्यास मानसिक तनाव से बिगड़ी तबीयत
अपनों को खोने का गम तो वही जनता है जिसने किसी अपने को खोया हो। इसी तरह की एक दुखद खबर भी सामने आ रही है जहां अलग-अलग परिवार के सदस्यों की एक साथ जान जाने के बाद गम में डूबे परिवार वाले अचानक बीमार हो गए हैं। यह पूरा मामला पन्ना जिले का है। दरअसल बीते दिनों बिहरपुरवा गांव में कुआं धसकने से एक साथ पांच लोगों की जान चली गयी थी। ये दुःख अभी बीता भी नहीं था की अब परिवारों पर बीमारियों का पहाड़ टूट पड़ा। काफी ज्यादा मानसिक तनाव के कारण मृतक परिवारों के आधा दर्जन से ज्यादा सदस्य अचानक बीमार हो गए हैं। जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। अपनों को खोने के गम में परिजनों ने कई दिनों से न कुछ खाया है और न आराम किया है। लगातार उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद सभी को अजयगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजयगढ़ बीएमओ ने तुरंत गांव में 24 घंटे के लिए मेडिकल टीम तैनात कर दी है। बीमारों का प्राथमिक इलाज किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को एम्बुलेंस से अस्पताल लाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और डॉक्टरों की टीम युद्धस्तर पर पीड़ितों के इलाज में जुटी है।
मृतकों के परिजनों के मुताबिक पांच लोगों की जान जाने की घटना से उबर नहीं पा रहे हैं। न तो ठीक से खाना खा रहे हैं न ही सो पा रहे हैं। जिससे कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। फ़िलहाल प्रशासनिक अमला हालातों पर नज़र बनाये हुए है।-