सागर- बटरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी, CCTV में कैद हुए चोर, 2 लाख का माल पार | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सागर जिले के बंडा के बरायठा रोड से सामने आया है, जहां घर के बाहर खड़ी बटरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अज्ञात चोर रात के अंधेरे में चोरी कर ले गए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, बरायठा रोड निवासी जय कुमार जैन ने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के पास खड़ा किया था। ट्रॉली में बड़ी मात्रा में बटरी भरी हुई थी। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर जा रहे हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस और ट्रैक्टर मालिक ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद तिनसी घटिया के पास ट्रैक्टर और खाली ट्रॉली लावारिस हालत में खड़ी मिली। लेकिन ट्रॉली में भरी बटरी गायब थी।
बताया जा रहा है कि चोर ट्रॉली से करीब 2 लाख रुपए कीमत की बटरी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन वारदातों पर लगाम नहीं लगा पाई है। फिलहाल पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।