MP में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, 40 पहुंचे अस्पताल, बॉर्डर का हादसा!
मध्यप्रदेश के उमरिया–अनूपपुर बॉर्डर क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम तिवानी स्थित सनी धाम के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे, जो ग्राम पडनिया से पूजा कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बिजौरा जा रहे थे। रास्ते में सनी धाम के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पाली एसडीएम, पाली पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। एक बार फिर यह हादसा बता गया कि श्रद्धालुओं से भरे ओवरलोड वाहनों की लापरवाही किस तरह बड़े हादसों को जन्म दे रही है।