MP में 48 घंटे में हुई दो लूट का खुलासा! बाइक के सुराग से 5 बदमाश गिरफ्तार
पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में 48 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग लूट की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कट्टा, मोबाइल, जेवरात, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है। जानकारी के मुताबिक पहली वारदात 24 मई की रात एमपी के शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में हुई थी। खौरघार निवासी युवक अपनी बहन के साथ शिवपुरी से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर उनसे मोबाइल, जेवर और नकदी लूट ली थी।
इसके अगले ही दिन 25 मई को पोहरी थाना क्षेत्र में श्योपुर रोड पर एक दंपति को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने उनसे मोबाइल, मंगलसूत्र, चांदी की करधौनी और नकदी लूटकर फरार हो गए। लगातार दो लूट की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वाहन चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान लाल रंग की टीवीएस राइडर बाइक पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। इसी बाइक के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और कार्रवाई करते हुए नीतेश बैरागी, विशाल बैरागी, देवू उर्फ देवेन्द्र यादव, छोटू यादव और पहलवान यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने उनके कब्जे से वीवो और मोटोरोला कंपनी के मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर, नकदी, फरियादी का बैग, घटना में प्रयुक्त बाइक और 315 बोर का लोडेड कट्टा बरामद किया है। बरामद सामान की कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। शिवपुरी पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।