सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दिए बड़े निर्देश, सागर को जीरो लिक्विड वेस्ट सिटी बनाने की तैयारी,
सागर को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। कलेक्टर सह अध्यक्ष सागर स्मार्ट सिटी प्रतिभा पाल ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी नालों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई जाए और सागर को “जीरो लिक्विड वेस्ट सिटी” बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। यहां ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाओं की मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की GPS ट्रैकिंग व्यवस्था भी परखी और समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि लाखा बंजारा झील का कायाकल्प सागर स्मार्ट सिटी की बड़ी उपलब्धि है। वर्षों से अधूरी पड़ी सफाई और सौंदर्यीकरण की कोशिशों को अब सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि झील का बढ़ता जलस्तर और सुधरता पर्यावरण यह साबित करता है कि जल संरक्षण के प्रयास सही दिशा में हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि झील में गंदे नालों का पानी बिल्कुल न पहुंचे। बारिश के अलावा सभी नाले सूखे रहें, इसके लिए सीवरेज नेटवर्क को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषित पानी का ट्रीटमेंट कर उसे दोबारा उपयोग में लाया जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में स्ट्रीट लाइट परियोजना, स्मार्ट रोड, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पार्क डेवलपमेंट, बस टर्मिनल और हेरिटेज साइटों के कायाकल्प कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दिन में कहीं भी स्ट्रीट लाइट चालू न रहें और बिजली बचत के लिए नियमित एनर्जी ऑडिट कराया जाए। सागर स्मार्ट सिटी अब सिर्फ विकास नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के जरिए स्मार्ट और सुरक्षित शहर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।