ट्विशा मौत केस में बड़ा खुलासा ! सास और पति 5 दिन की CBI रिमांड पर, होगा वर्चुअल रीक्रिएशन
चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब बेहद अहम मोड़ पर पहुंच गई है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सीबीआई ने शुक्रवार को ट्विशा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जहां दोनों को 5-5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब जांच एजेंसी दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। सीबीआई ने कोर्ट में कहा कि दोनों आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और उनके बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आ रहा है। एजेंसी का कहना है कि सच तक पहुंचने और अहम सबूत जुटाने के लिए पुलिस रिमांड बेहद जरूरी है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान सीबीआई टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इसके तहत ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वाई-फाई लॉग और फॉरेंसिक मैपिंग के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि घटना से पहले और बाद में घर के अंदर क्या-क्या गतिविधियां हुईं। सीबीआई अब यह भी जांच कर रही है कि घटना की रात किन लोगों से संपर्क किया गया और मौत के बाद घटनास्थल पर कोई बदलाव तो नहीं किया गया। जांच एजेंसी डिजिटल एविडेंस और टावर लोकेशन की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्विशा ने करीब 20 लाख रुपये के शेयर खरीद रखे थे। आरोप है कि पति समर्थ और सास गिरिबाला उन शेयरों को अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। परिजनों का दावा है कि ट्विशा को दहेज और बच्चे को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इधर, ट्विशा के परिजन ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पहुंचे, जहां विधि-विधान से उनकी अस्थियों का विसर्जन किया गया। ट्विशा के पिता ने कहा कि उनकी बेटी का मां गंगा और ऋषिकेश से गहरा लगाव था और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा