भीषण गर्मी में फूटी कोलार लाइन से 1 लाख लोग प्यासे, मंत्री सारंग ने लगाई अफसरों की क्लास
भीषण गर्मी से जूझ रहे मध्यप्रदेश की राजघानी भोपाल में अब बिजली और पानी का संकट लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। राजधानी में जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी तरफ मेट्रो और सड़क निर्माण कार्यों के चलते बार-बार पानी की पाइपलाइन फूटने से लाखों लोग परेशान हैं। शुक्रवार को करोंद इलाके में कोलार पाइपलाइन फूटने से करीब एक लाख आबादी की पानी सप्लाई ठप हो गई। जानकारी के मुताबिक, करोंद चौराहे के पास मेट्रो निर्माण के दौरान खुदाई करते समय कोलार लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते पुराने भोपाल के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। पिछले 15 दिनों में यह 14वीं बार है जब खुदाई के दौरान पाइपलाइन टूटी है।
लोगों की परेशानी को देखते हुए मंत्री विश्वास सारंग खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ एनएचएआई, नगर निगम, जिला प्रशासन और मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अफसरों और निर्माण एजेंसियों को जमकर फटकार लगाई। मंत्री ने साफ कहा कि निर्माण कार्यों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एजेंसियां प्लानिंग के साथ काम करें और पहले पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम पूरा करें, उसके बाद ही खुदाई की जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि जब तक लाइन पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई की जाएगी।
वहीं नगर निगम ने मेट्रो प्रबंधन और निर्माण एजेंसियों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम अधिकारियों का कहना है कि लगातार पाइपलाइन टूटने से लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है और शहर में जल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और पानी संकट ने भोपालवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सवाल यह है कि आखिर निर्माण एजेंसियों की लापरवाही पर कब लगाम लगेगी और लोगों को राहत कब मिलेगी?