सागर गर्ल्स कॉलेज में एडमिशन का दूसरा चरण शुरू, 10 रुपये में दाखिला, 11 तरह की स्कॉलरशिप भी
सागर संभाग की बेटियों के लिए बड़ी खबर है। सागर के शासकीय कन्या महाविद्यालय में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सागर संभाग का यह एकमात्र शासकीय कन्या महाविद्यालय हर साल हजारों छात्राओं के सपनों को नई उड़ान देता है।
महाविद्यालय में सागर के अलावा दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिले की छात्राएं भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने आती हैं। इस साल ग्रेजुएशन की करीब 4 हजार सीटों पर प्रवेश होना है। दूसरे चरण का पंजीयन 28 मई से शुरू होकर 3 जून तक चलेगा। इसके बाद तीसरा चरण 15 जून से 20 जून तक आयोजित किया जाएगा।
12वीं पास करने के बाद अक्सर छात्राओं और उनके अभिभावकों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर गर्ल्स कॉलेज क्यों चुना जाए। इसका जवाब इस महाविद्यालय की सुविधाएं देती हैं। यहां मेधावी छात्राओं के लिए कॉलेज की फीस लगभग निशुल्क हो जाती है
इतना ही नहीं, छात्राओं को उच्च शिक्षा विभाग की 11 विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी मिलता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को पढ़ाई जारी रखने में बड़ी मदद मिलती है। और गरीबी रेखा सूची वाली, बाल कल्याण योजना वाली छत्राओ को सिर्फ 10 रुपये के टोकन शुल्क पर प्रवेश मिल जाता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी ने बताया कि शासकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1968 में हुई थी। उस समय केवल 50 छात्राओं के साथ इसकी शुरुआत हुई थी, जबकि वर्तमान में यहां छात्राओं की संख्या बढ़कर 10 हजार 71 तक पहुंच चुकी है।