सागर- अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर! भैंसा और पगारा में पक्के निर्माण ध्वस्त, बिल्डर्स पर कार्रवाई
सागर जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर शुक्रवार देर शाम राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भैंसा और पगारा इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की टीम सबसे पहले ग्राम भैंसा पहुंची, जहां एएनए बिल्डर द्वारा खसरा नंबर 138 पर नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जांच में निर्माण कार्य अवैध पाए जाने पर टीम ने मौके पर मौजूद पक्के निर्माण और बाउंड्रीवॉल को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।
बताया गया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े बिल्डर पार्टनर सिमरजीत सिंह, आशु और अमरदीप के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी तरह का कॉलोनी विकास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भैंसा के बाद प्रशासनिक अमला ग्राम पगारा पहुंचा। यहां खसरा नंबर 831 में लाल जैन द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल और अन्य निर्माणों को तोड़ दिया गया। साथ ही प्रशासन ने इन जमीनों पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में एसडीएम अमन मिश्रा, तहसीलदार राहुल गौंड, नितिन यादव, संजय जैन, निरंजन कुर्मी, आशुतोष गौतम, पटवारी उमाशंकर पांडे सहित राजस्व अमला और कैंट थाना पुलिस मौजूद रही। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अभियान चलाए जाने की संभावना है।