श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली पलटने के बाद 2 और घायलों ने तोड़ा दम, 6 हुई मृतकों की संख्या
श्रद्धालुओं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली पलटने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गयी थी। मौके पर ही चार लोगों की जान चली गयी थी वहीं अब गंभीर रूप से घायल दो और लोगों ने दम तोड़ दिया है। जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गयी है। वहीं करीब 40 लोग घायल हैं जिनका इलाज किया जा रहा है। घटना बीते दिन अनूपपुर और उमरिया जिले के बॉर्डर पर हुई थी। जहां करनपठार थाना क्षेत्र के गिंजरी में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गयी थी। 15 गंभीर घायलों को रैफर किया गया था।
बताया जा रहा है की ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे। जो पडनिया गांव से पूजन के लिए के लिए बिजौरा गांव जा रहे थे। लेकिन शनि धाम के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसा इतना भीषण था की ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए थे। वहीं घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली एसडीएम और पाली पुलिस मौके पर पहुंकी।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से पाली सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया था जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है की श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से छह लोगों की जान जाने और करीब 40 लोगों के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।