सागर का ट्रक चालक निकला मृतक, भीमकुंड में मिले शव की हुई पहचान ! डिब्बी मिलने से बढ़ा रहस्य
प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल भीमकुंड में मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सागर जिले के रहली का रहने वाला 32 वर्षीय ट्रक चालक राजेश यादव है। शव की शिनाख्त होने के बाद अब इस मामले में कई नए सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि घटनास्थल से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं जो पूरे मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के भीमकुंड में एक युवक का शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही बाजना थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीमकुंड की गहराई और कठिन परिस्थितियों को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद शव को कुंड से बाहर निकाला गया।
शव की पहचान के लिए पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार मृतक की पहचान रहली निवासी राजेश यादव के रूप में हुई। राजेश पेशे से ट्रक चालक था और उसके परिवार को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया गया। हालांकि, इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात घटनास्थल से मिले सामान हैं। पुलिस को मृतक का कपड़ों से भरा बैग, जूते और जेब से सेल्फास की एक डिब्बी मिली है। इन चीजों के मिलने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अब मृतक के परिजनों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह कहां था, किससे मिला था और भीमकुंड तक कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। इस बीच भीमकुंड में मिले शव का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।