अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश ! नदी किनारे बन रहे थे देसी पिस्टल-कट्टे, 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एमपी के खरगोन जिले में गोगावां थाना क्षेत्र के ग्राम सिगनूर में रूपा नदी किनारे चल रही इस अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 11 अवैध हथियार और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिगनूर में कुछ लोग अवैध फायर आर्म्स तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गोगावां और सनावद थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से पांच आरोपियों को हथियार बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास सिंह सिकलीगर, कान्हा सिकलीगर, सूरज सिंह सिकलीगर, गुरूबादल सिंह सिकलीगर और रोशन सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम सिगनूर के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को 9 हस्तनिर्मित देसी पिस्टल और 2 देशी कट्टे मिले। इसके अलावा 2 अधबनी पिस्टल, 11 बैरल, ग्राइंडर मशीन, मैगजीन, हथियार बनाने के सांचे, भट्टी ब्लोअर और कई अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार निर्माण और रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जा रहे थे और इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हैं। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।