Sagar-सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर सख्ती, पुलिस बल के साथ सड़को पर अधिकारी | SAGAR TV NEWS |
सागर में अब सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों की खैर नहीं है। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने बीती रात मोतीनगर पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।
सागर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों, असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों से पूछताछ भी की गई।
इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भी रोका गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही भविष्य में नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल सामाजिक रूप से गलत है बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर की शांति और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।।