Sagar- दूसरी मंजिल से गिरा मजदूर, इलाज के दौरान मौत, नगर पालिका भवन निर्माण में बड़ा हादसा !
निर्माणाधीन नगर पालिका भवन में हुए एक दर्दनाक हादसे ने श्रमिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एमपी के सागर जिले के खुरई में सागर रोड स्थित संत रविदास पार्क के पीछे बन रहे नगर पालिका के नए भवन में काम के दौरान एक मजदूर दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर की पहचान गोपाल लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह निर्माणाधीन भवन की दूसरी मंजिल पर छत का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी और ठेकेदार घायल मजदूर को तुरंत खुरई के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, आरोप है कि इस दौरान पुलिस को घटना की कोई सूचना नहीं दी गई। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने मजदूर की हालत गंभीर देखते हुए उसे सागर रेफर कर दिया। इसके बाद घायल मजदूर को सागर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मजदूरों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, हादसा कैसे हुआ और घटना की सूचना पुलिस को समय पर क्यों नहीं दी गई, जैसे कई सवाल अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं, श्रमिक संगठनों ने भी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।