सागर- जिलाबदर बदमाश की गुं डा गर्दी पड़ी भारी! युवक को जड़े थ प्प ड़, पुलिस ने गिरफ्तार कर यूपी बॉर्डर के बाहर छोड़ा
सागर में एक जिलाबदर बदमाश को बीच सड़क गुंडागर्दी करना भारी पड़ गया। सशर्त माफी मिलने के बाद शहर में रह रहे आरोपी ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपी की माफी भी निरस्त कर दी गई और उसे उत्तर प्रदेश की सीमा के बाहर छोड़ दिया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जवाहरगंज वार्ड निवासी सुशील साहू 27 मई की दोपहर अपनी एक्टिवा से खेमचंद अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान तीनबत्ती क्षेत्र में बनारसी पान दुकान के पास रूपेश उर्फ रिप्पी साहू ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी।
आरोप है कि रूपेश ने पहले सुशील के साथ गाली-गलौज की और जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें दो थप्पड़ मार दिए। घटना के दौरान आरोपी ने खुद को जिलाबदर बताते हुए धौंस भी जमाई और कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना की शिकायत पुलिस तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लिया गया। जांच में सामने आया कि रूपेश उर्फ रिप्पी साहू पहले से जिलाबदर घोषित किया जा चुका है। जिला कलेक्टर द्वारा फरवरी में उसके खिलाफ जिलाबदर आदेश जारी किया गया था। बाद में संभागायुक्त द्वारा उसे सशर्त राहत दी गई थी, जिसमें साफ कहा गया था कि वह शहर में रहकर किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होगा।
लेकिन युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद यह शर्त टूट गई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी सशर्त माफी निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। सीएसपी ललित कश्यप के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नई आपराधिक गतिविधि पाए जाने पर उसे पुनः जिलाबदर प्रभावी करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर उत्तर प्रदेश सीमा तक पहुंची और उसे जिले की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।