बैंक सेंधमारी का खुलासा, CCTV ने खोला राज, नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
मध्यांचल ग्रामीण बैंक में हुई सनसनीखेज सेंधमारी की कोशिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बैंक के सात ताले तोड़कर कैश काउंटर तक पहुंचने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि इस वारदात में एक नाबालिग भी शामिल था। पूरी घटना का राज बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों ने खोल दिया। दरअसल, 5 मई की देर रात एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बक्सवाहा के मध्यांचल ग्रामीण बैंक में चोरी की कोशिश हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक सात ताले तोड़ते हुए बैंक के अंदर प्रवेश किया और सीधे कैश काउंटर तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि चोर नगदी तक पहुंचने में सफल हो गए थे, लेकिन किसी बाहरी आहट का एहसास होते ही बिना पैसा ले जाए मौके से फरार हो गए।
यह पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना सामने आने के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए थे। चूंकि बैंक नगर के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित है, इसलिए पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर निरीक्षक जितेंद्र वर्मा और उप निरीक्षक अवधेश दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान विजय यादव (22) निवासी डंगरई और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने बैंक सेंधमारी की कोशिश करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी टेड़ा पुल के पास से बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं। फिलहाल इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने एक बड़ी चोरी की साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। बक्सवाहा पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी तकनीक की मदद से बैंक सेंधमारी की यह वारदात खुल गई, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।