Sagar- पति के मर्डर के आरोप में पत्नी को जेल,अब मृतक की बेटी ने किया चौंकाने वाला खुलासा !
सागर जिले के देवरी क्षेत्र के केसली थाना अंतर्गत मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। जहां पुलिस ने मृतक की पत्नी को आरोपी मानते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन इस कार्यवाई के बाद अब विरोध के स्वर उठने लगे हैं। साथ ही इस मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। जिसके बाद आदिवासी समाज ने निष्पक्ष जांच किये जाने की मांग की है।
दरअसल यह पूरा मामला केसली थाना अंतर्गत मंगेला गांव का है। जहां चर्चित संजू गौंड मर्डर कांड हुआ था। अब पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया गया की मृतक की नाबालिग पुत्री ने घटना के संबंध में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया की उसके पिता का मर्डर मां ने नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति ने किया है। उसके मुताबिक संजू गौंड गांव के ही गब्बर राजपूत के खेत पर कृषि का काम करता था और घटना वाली रात भी वह वहीं मौजूद था। जिससे स्थानीय लोग अब पूरी जांच प्रक्रिया पर संदेह जता रहे हैं।
पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी पर मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई किए जाने से ग्रामीण और परिजन संतुष्ट नहीं हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच नहीं की और वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी को लेकर स्थानीय आदिवासी समाज ने लामबंद होकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा है। जिसके माध्यम से उन्होंने इस अंधे कत्ल की निष्पक्ष और उच्च-स्तरीय जांच कराने की मांग की है। परिजनों की माने तो घटना के समय खेत पर मौजूद व्यक्ति की भूमिका की सही ढंग से जांच की जाती, तो सच सामने आ सकता था। निष्पक्ष जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।