Sagar- बेटा ही निकला चोर,माँ-बाप गए इलाज कराने इधर लाखों का माल किया साफ़, अब गिरफ्तार
एक बड़ी ही मशहूर कहावत है की घर के भेदी लंका ढाये, कुछ इसी तरह का जब एक मामला सामने आया तो लोग हैरान रह गए। जहां एक बेटे ने विश्वासघात करते हुए अपने ही पिता के घर में लाखों रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामला सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस चोरी के मामले का खुलासा किया है। जहां एक लाख नगदी और जेवरात समेत साढ़े सात लाख रूपये कीमत का माल बरामद किया गया है। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देवरी के बाजार वार्ड निवासी महिला फरियादी बीते 18 मई को अपने पति परसोत्तम रैकवार के इलाज के लिए सागर गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने मकान में ताला लगाकर चाबी बाथरूम में रखे ब्रश के डिब्बे में रख दी थी। जिसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को थी। अगले दिन 19 मई की सुबह उनके भाई ने सूचना दी कि घर के दरवाजे खुले हुए हैं। सामान बिखरा पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख नगदी चोरी हो गए हैं। जिसकी शिकायत थाने में की। जांच पड़ताल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुभम रैकवार पर संदेह हुआ।
पूछताछ में वह लगातार बयान बदलता रहा। लेकिन कढ़ाई से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसे घर में रखे जेवरात और नकदी की पूरी जानकारी थी। परिवार के विश्वास का फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया। जिनमें लाखों कीमत के सोने चांदी के जेवरात और एक लाख नगदी शामिल है। जिसकी कुल कीमत 7 लाख 57 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। फिलहाल आगे की कार्यवाई जारी है।