तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश से गर्मी हुई फुर्र, मौसम ने ली करवट !
भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कई दिनों से झुलसाने वाली गर्मी और उमस का सामना कर रहे शहरवासियों को सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने बड़ी राहत दी। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ मौसम ने ऐसी करवट ली कि पूरा माहौल ही बदल गया। सुबह से ही एमपी की धर्मनगरी उज्जैन में उमस का असर साफ दिखाई दे रहा था। आसमान में बादल तो थे, लेकिन गर्मी और चिपचिपाहट के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। दोपहर तक गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल नजर आ रही थी।
लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक अपना रंग बदलना शुरू कर दिया। तेज हवाएं चलने लगीं, आसमान में काले बादल छा गए और बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। कुछ ही देर में शहर के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश शुरू होते ही जहां कुछ देर पहले तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था, वहीं मौसम सुहावना होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोग बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए तो बच्चों और युवाओं ने भी ठंडी हवाओं के बीच मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया।
मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी है। बीते तीन दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर बना हुआ है। इससे तापमान में गिरावट आ रही है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। फिलहाल उज्जैन में हुई इस बारिश ने गर्मी के तेवरों को काफी हद तक शांत कर दिया है और लोगों के चेहरे पर राहत की मुस्कान लौटा दी है।