सागर- चाकूबाजों का पुलिस ने निकाला जुलूस! शराब के पैसे नहीं मिलने पर बुजुर्ग को घोंपा था चाकू
सागर में एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोतीनगर थाना पुलिस ने इस मामले में दो बालिग और दो नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का पैदल जुलूस निकालकर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, यह घटना 29 मई की रात की है। राजीव नगर वार्ड निवासी घनश्याम राय रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। जब वे सागर सरोज होटल मार्ग स्थित संस्कृत विद्यालय के पास पहुंचे, तभी कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बुजुर्ग से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब घनश्याम राय ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर चाकू दिखाकर उनकी जेब से करीब दो हजार रुपए लूट लिए। इतना ही नहीं, जब बुजुर्ग ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और जानलेवा हमला करते हुए उनके कंधे के नीचे चाकू घोंप दिया। घटना के बाद घायल बुजुर्ग का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह पीठ में चाकू धंसे होने के बावजूद सड़क पर चलते दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नितिन अहिरवार और चंदन अहिरवार के साथ दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यह कार्रवाई शहर में अपराधियों के लिए सख्त संदेश मानी जा रही है।