बड़े बिल्डर के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा, कई दुकानों को किया कुर्क,करोड़ों रूपये का है मामला !
करोड़ों रूपये के लेनदेन के मामले में जिला राजस्व प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्यवाई को अंजाम देते हुए कई दुकानों को कुर्क करते हुए सील कर दिया है। राजधानी भोपाल के रासलाखेड़ी स्थित आरआरबी रीगल प्रोजेक्ट, शुभ बिजनेस जोन के खिलाफ कार्यवाई की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही। दरअसल खरीदारों का आरोप है की पूरी राशि लेने के बाद भी पजेशन नहीं दिया गया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट वृत्त-गोविंदपुरा के आदेश पर की गई।
प्रोजेक्ट संचालक और बिल्डर हर्षवर्धन दीक्षित पर खरीदारों से दुकान और व्यावसायिक संपत्तियों के नाम पर करोड़ों रुपये लेने के बावजूद समय पर कब्जा यानि पजेशन न देने के आरोप हैं। पीड़ित पक्ष ने रेरा न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय ने पारित आदेश के पालन में राजस्व प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ग्राउंड फ्लोर की दुकान क्रमांक 3, 4, 5, 16, 17 और प्रथम तल की दुकान क्रमांक 43, 44 और 45 को कुर्क कर दिया है।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के प्रकरण क्रमांक एनबीपीएल-25-0118 में पारित आदेश के अनुपालन में की गई। नायब तहसीलदार न्यायालय द्वारा पुलिस उपायुक्त सुरक्षा और गुप्तवार्ता, नगर पुलिस भोपाल से पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद राजस्व अमले, पटवारी और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई हुई।
पीड़ित महिला खरीदार का आरोप है की उसने दुकान के लिए पूरी राशि का भुगतान कर रजिस्ट्री भी करा ली थी। लेकिन लंबे समय से उसे पजेशन नहीं दिया गया। बार-बार संपर्क करने के बावजूद बिल्डर द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते रहे।
वहीं स्थानीय खरीदारों का आरोप है कि प्रोजेक्ट में कई लोगों से दुकानों और व्यावसायिक इकाइयों के नाम पर करोड़ों राशि वसूली गई, लेकिन निर्धारित समय सीमा में निर्माण और कब्जा उपलब्ध नहीं कराया गया। जिससे कई निवेशक आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
राजस्व प्रशासन के मुताबिक न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने कुर्की की कार्रवाई की गई है। आगे की वैधानिक प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।------