Sagar- बेटे की हत्या के बाद दहशत में परिवार! एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई सुरक्षा की गुहार, आरोपियों पर धमकाने के आरोप
सागर जिले के शाहगढ़ तहसील क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेटे की हत्या के बाद अब पूरा परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़ित माता-पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। परिवार का आरोप है कि हत्या के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दलपतपुर निवासी अनीता लोधी और फूल सिंह लोधी मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के कार्यालय पहुंचे और एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में उन्होंने अपने बेटे अर्जुन सिंह लोधी की हत्या के सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, 25 मई 2026 की रात करीब 10 बजे कुछ युवक अर्जुन सिंह को घर से अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद 26 मई को थाना बंडा में मामला दर्ज कराया गया था।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। परिवार का आरोप है कि फरार आरोपी लगातार घर पहुंचकर धमकियां दे रहे हैं, संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं और मामले के गवाहों को भी डराने का प्रयास कर रहे हैं।
परिजनों का दावा है कि आरोपियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि किसी ने पुलिस या अदालत में उनके खिलाफ बयान दिया तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा। इसी डर और असुरक्षा के चलते पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
पीड़ित माता-पिता ने एसपी से मांग की है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, गवाहों के बयान दर्ज कराए जाएं और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए आवेदन के बाद मामले की समीक्षा की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय और सुरक्षा मिल पाती है।